नौगांव,कमल यादव । छतरपुर जिले के नौगांव के पास NH-39 हाईवे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की वजह से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 11 बजे झांसी से खजुराहो की ओर जा रही एक इकोस्पोर्ट कार में देवी बाध और करारा गंज के पास अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कार में सवार सात लोगों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस और NH-39 हाईवे का स्टाफ मौके पर पहुंच गया।
दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि कार निवाड़ी जिले के नोटा गांव निवासी धर्मेंद्र पटेल की है।



