छतरपुर,शिवम सोनी। परीक्षा में तीन विषयों में फेल होने के बाद अवसाद में आई 9वीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना जनकपुर क्षेत्र के ईशानगर थाना अंतर्गत जनकपुर गांव में शुक्रवार को हुई।
मृतिका के भाई रामदास अहिरवार ने बताया कि गुरुवार को 9वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था। इसमें उनकी बहन तीन विषयों में फेल हो गई थी। परिणाम देखकर छात्रा काफी परेशान और गुमसुम हो गई थी। शुक्रवार को घर में अकेले रहने का मौका मिलते ही उसने फांसी लगा ली।
जब परिवार को इसकी जानकारी हुई तो परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा परीक्षा परिणाम से बहुत आहत थी और इसी तनाव में उसने यह कदम उठा लिया।

