बरसाना,रोहित पाठक। श्री राधा माधव मिलन समारोह के अंतर्गत 18 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ प्रथम दिवस विशेष अनुष्ठानों के साथ हुआ। मंदिर भूमि पूजन से पूर्व भगवान जगन्नाथ मंदिर के ध्वज का विधिवत पूजन किया गया, जिसमें बागेश्वर महाराज श्री ने सहभागिता की।


इस अवसर पर बागेश्वर महाराज ने साधु-संतों एवं परम पूज्य विनोद बाबा से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद विनोद बाबा के घट में विराजमान श्री राधा रानी मंदिर में विराजकर भक्तों को दर्शन देंगी। उन्होंने मंदिर निर्माण में बागेश्वर बालाजी की ओर से एक कुटिया के सहयोग की घोषणा भी की।


महाराज श्री ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मंदिर निर्माण में एक-एक ईंट का योगदान दें, ताकि यह दिव्य मंदिर शीघ्र पूर्ण हो सके। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उनका जन्म बुंदेलखंड स्थित बागेश्वर धाम में हुआ है, लेकिन वे जीवन की अंतिम यात्रा के समय बरसाना में कुछ समय बिताने की इच्छा रखते हैं।


आशीर्वचन के पश्चात बागेश्वर महाराज अपनी आगामी यात्रा के लिए रवाना हुए। बरसाना में आयोजित यह धार्मिक समारोह 22 मार्च तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जारी रहेगा। इस दौरान शनि धाम के महंत दांती जी महाराज, कृष्ण शरण जी महाराज, माधव दास जी, पागल बाबा, रोहित रिछारिया जी सहित अनेक संत उपस्थित रहे।