ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। कूड़नताल स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। आदिवासी समुदाय एवं क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं।
कथा के चौथे दिन कथा व्यास देवेंद्र मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण एवं जीवंत वर्णन किया। जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म की झांकी प्रस्तुत की गई, पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए।
इस अवसर पर भक्तों ने भजन-कीर्तन एवं नृत्य के माध्यम से जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया और हर ओर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता नजर आया।
आयोजनकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। सप्ताहभर चलने वाले इस आयोजन के माध्यम से धर्म, संस्कार और भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

