छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के धवार गांव में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब ससुराल आए एक युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र अहिरवार (30) निवासी ग्राम पिरपा थाना गढ़ीमलहरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र शुक्रवार को अपनी ससुराल में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने भोजन किया और मौसम खराब होने तथा बिजली न होने के कारण छत पर सोने चले गए। सुबह जब परिजन उठे तो वह छत के नीचे गिरे हुए मिले।
परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और शादी का माहौल गम में बदल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

