मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही के चलते एक नवजात शिशु की मौत हो जाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने डॉक्टर और आशा कार्यकर्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए अवैध वसूली, अभद्र व्यवहार और समय पर इलाज न देने का आरोप लगाया है।
मामला मैहर के वार्ड नंबर 04, पटेहरा का है। स्थानीय निवासी सागर साकेत अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया और गंभीर हालत में मरीज को छोड़कर निजी क्लीनिक चले गए।
आशा कार्यकर्ता ने डॉक्टर से मिलकर ऑपरेशन के नाम पर हजारों रुपये की मांग की। पैसे न देने पर महिला के इलाज में जानबूझकर लापरवाही बरती गई। स्थिति बिगड़ने पर मरीज को सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि बच्चे की मौत रेफर किए जाने से पहले ही हो चुकी थी वर्तमान में महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और दोषी डॉक्टर व आशा कार्यकर्ता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में लापरवाही और अवैध वसूली पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

