भोपाल,जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने राज्य सरकार पर शिक्षा विभाग से जुड़े टेंडरों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में टेंडर प्रक्रिया में नियमों को इस तरह बनाया गया कि कुछ खास व्यक्तियों को फायदा पहुंचाया जा सके। नायक के अनुसार बड़ी और सक्षम कंपनियों को जानबूझकर प्रक्रिया से बाहर रखा गया।


उन्होंने आरोप लगाया कि 39 हजार रुपये के कंप्यूटर को 1 लाख 39 हजार रुपये में और 25 हजार रुपये के प्रिंटर को 1 लाख रुपये में खरीदा गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। इस पूरे मामले में शौरभ शर्मा और गौरव शर्मा के नाम सामने आने की बात भी कही गई।


नायक ने बताया कि यह टेंडर IAS अधिकारी शिल्पा गुप्ता द्वारा जारी किया गया था और तय कीमत से कई गुना अधिक भुगतान कर उपकरण खरीदे गए। कांग्रेस ने सरकार से इस पूरे मामले की SIT से जांच कराने और फोरेंसिक ऑडिट करवाने की मांग की है।


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। वहीं, मुकेश मल्होत्रा मामले पर उन्होंने कहा कि फैसले से लोकतंत्र की जीत हुई है, जहां 7 हजार वोट से हारने वाले को विधायक घोषित कर दिया गया था, जिसे अब सुधारा गया है।