ग्वालियर। ग्वालियर जिले के घाटीगांव स्थित ऐतिहासिक शबरी माता मंदिर परिसर आज एक बड़े सामाजिक और आध्यात्मिक समागम का साक्षी बना, जहाँ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सफलता पूर्वक अंतरण किया। शबरी माता की पावन देहरी से शुरू हुआ यह कार्यक्रम न केवल आर्थिक सहायता का जरिया बना, बल्कि इसने सरकार के अंत्योदय के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भक्ति भाव के साथ शबरी माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया, जिसके बाद विकास की नई इबारत लिखते हुए जिले के लिए विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि लाड़ली बहना योजना केवल एक सरकारी स्कीम नहीं, बल्कि बहनों के प्रति भाई का प्रेम और सम्मान है, जिसे किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा। वहीं केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने भी ग्वालियर और अंचल के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।


घाटीगांव का यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा क्योंकि यहाँ बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी अंचल की महिलाएं जुटी थीं, जिनके चेहरों पर सीधे खाते में राशि पहुंचने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई हितग्राहियों से सीधा संवाद भी किया और शासन की अन्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। लोकार्पण और भूमि-पूजन की इन सौगातों से घाटीगांव सहित पूरे ग्वालियर जिले में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी। प्रशासन की ओर से इस मेगा इवेंट के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए गए थे।