भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के आरडी मेमोरियल कॉलेज में शुक्रवार को उस वक्त भारी तनाव की स्थिति बन गई जब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विवाद की मुख्य वजह कॉलेज प्रबंधन द्वारा आयोजित 'रोजा इफ्तार' कार्यक्रम रहा, जिसे लेकर हिंदूवादी संगठनों ने कड़ा ऐतराज जताया है।
प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज गेट और परिसर के भीतर जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन पर शिक्षा के मंदिर में 'इस्लामीकरण' को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
संगठनों का दावा है कि कॉलेज प्रबंधन ने न केवल धार्मिक आयोजन किया, बल्कि हिंदू विद्यार्थियों को भी जबरदस्ती रोजा इफ्तार में शामिल होने के लिए विवश किया। कार्यकर्ताओं ने इसे शैक्षणिक संस्थान की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए प्रबंधन पर एकतरफा तुष्टीकरण का आरोप मढ़ा है। विरोध के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
दूसरी ओर, आरडी मेमोरियल कॉलेज प्रबंधन ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रबंधन का तर्क है कि कॉलेज में हमेशा से ही सभी धर्मों के त्योहार और गौरवशाली परंपराएं मनाई जाती रही हैं, और इसी कड़ी में आपसी भाईचारे के उद्देश्य से रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया था। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र पर किसी विशेष आयोजन में शामिल होने का कोई दबाव नहीं बनाया गया है।

