शिवपुरी। शिवपुरी जिले में गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर प्रधानमंत्री की मिमिक्री करना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। भाजपा विधायक की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी का है, जहां साकेत पुरोहित प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि शिक्षक साकेत पुरोहित ने हाल ही में एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर कटाक्ष किया था।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामला अधिकारियों तक पहुंच गया।
शिक्षक का आरोप – बिना नोटिस की गई कार्रवाई
निलंबन के बाद शिक्षक साकेत पुरोहित का कहना है कि उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही उनका पक्ष सुना गया। उनके मुताबिक उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की गई है।
भाजपा विधायक ने की थी शिकायत
प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया कि शिक्षक ने जनप्रतिनिधि की मिमिक्री करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है और यह शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है।
जांच के बाद निलंबन
जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने पाया कि शिक्षक का कृत्य सरकारी कर्मचारियों के आचरण नियमों के खिलाफ है। इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर सरकारी कर्मचारियों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सेवा नियमों को लेकर बहस भी तेज हो गई है।

