हफ्ता वसूली के बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों को कुचलने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में चंदन नगर थाना क्षेत्र में हफ्ता वसूली और मारपीट के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। आरोपियों का इलाके में जुलूस निकालकर चौराहे पर उठक-बैठक करवाई गई और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई।
पुलिस के अनुसार, सादिक उर्फ काला और फैयाज मंसूरी नामक आदतन अपराधी एक महिला से पैसे की मांग कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने महिला के साथ मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर चंदन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी क्षेत्र में जुलूस निकालकर घुमाया, जहां घटना हुई थी। चौराहे पर उन्हें उठक-बैठक करवाकर माफी मंगवाई गई। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि कोई भी बदमाश कितना बड़ा क्यों न हो, अपराध करने पर उसका यही अंजाम होगा।
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सादिक के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई अन्य अपराध भी दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
