लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम अपनी पहली विदेश यात्रा की शुरुआत यूक्रेन की राजधानी कीव से की। यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हो रही इस यात्रा में बर्नहम यूक्रेन को घरेलू स्तर पर लंबी दूरी की मिसाइलों के निर्माण में मदद देने की घोषणा करेंगे।
यूके में यूक्रेन के राजदूत वालेरी जालुजनी ने विदेश मंत्री के साथ कीव पहुंचने पर बर्नहम का स्वागत किया। उन्होंने एक्स पर खबर साझा करते हुए कहा, "पीएम और उनकी कैबिनेट ने इस मुश्किल समय में हमारे देश का साथ दिया है। मैं यूके का इसके लिए आभार व्यक्त करता हूं।"
ब्रिटिश सरकार के मुताबिक, रक्षा कंपनी एमबीडीए को ब्रिटिश घटकों से जुड़ी गोपनीय तकनीकी जानकारी साझा करने की अनुमति दी जाएगी। इससे यूक्रेन को फ्रांसीसी स्कैल्प क्रूज मिसाइल के निर्माण के लिए स्थानीय उत्पादन क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी। स्कैल्प को ब्रिटेन की 'स्टॉर्म शैडो' मिसाइल के समकक्ष माना जाता है।
बर्नहम यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे और ब्रिटेन के समर्थन को दोहराएंगे। उनका कहना है कि यूक्रेन की सुरक्षा ब्रिटेन की अपनी सुरक्षा से भी जुड़ी है और लंदन कीव का साथ तब तक देता रहेगा, जब तक एक न्यायपूर्ण और स्थायी शांति हासिल नहीं हो जाती।
बर्नहम की घोषणा से रूस के साथ ब्रिटेन का तनाव और बढ़ सकता है। मास्को पहले ही ब्रिटेन पर यूक्रेन को रूस के भीतर हमलों के लिए इस्तेमाल होने वाले हथियार और ड्रोन उपलब्ध कराने का आरोप लगा चुका है और ब्रिटेन को 'परिणाम' भुगतने की चेतावनी दे चुका है। बर्नहम ने हालांकि स्पष्ट किया है कि इन धमकियों से यूक्रेन के प्रति ब्रिटेन की नीति नहीं बदलेगी।
बर्नहम की कीव यात्रा को उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल की विदेश नीति के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रूसी हमले के खिलाफ नाटो देश लगातार मुखर रहे हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की मानवाधिकार उल्लंघन की बात कह दुनिया से एकजुट होने की अपील लगातार कर रहे हैं। इस बीच नॉर्डिक-बाल्टिक देशों की समिट का भी आयोजन कीव में किया गया। इन आठ देशों के शीर्ष प्रतिनिधि इसका हिस्सा बने। जेलेंस्की ने तस्वीरों के साथ इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी।




