हथना में महर्षि स्कूल के प्यून की गोली मारकर हत्या, होली के दिन फैली सनसनी

Advertisement
दमोह,राजेन्द्र तिवारी। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम हथना में होली के त्योहार के दिन एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चंदू पिता मलखान रैकवार (उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हथना निवासी था और महर्षि स्कूल में चपरासी (प्यून) के पद पर कार्यरत था।
घटना होली के दिन शाम को हुई। परिजनों के अनुसार चंदू दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौट आए थे। इसके बाद शाम लगभग 6:30 बजे वह दोबारा घर से निकले और देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो लाल टोरिया रोड के पास उनका शव गोली लगी हालत में मिला। मोबाइल फोन भी बंद था।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे, देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल सहित पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
सागर से एफएसएल टीम बुलाई गई, जबकि एसडीईआरएफ टीम ने रात में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कर साक्ष्य सुरक्षित तरीके से एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनाक्रम की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई है। अभी आरोपियों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रात करीब 10 बजे जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
