मैहर, पुष्पेंद्र कुशवाहा। मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्रियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


घटना मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र अंतर्गत भेड़ा गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार जय भवानी ट्रेवल्स की स्लीपर बस 9 मार्च 2026 को रीवा से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में कटनी के पास बस अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद मरम्मत कराई गई। मरम्मत के बाद बस वापस रीवा की ओर जा रही थी।


इसी दौरान जब बस क्रमांक MP 30 P 7070 नेशनल हाईवे-30 पर भेड़ा गांव के पास पहुंची तो बस के अगले हिस्से से अचानक चिंगारी उठने लगी और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस चालक और कंडक्टर ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।


हालात बिगड़ते देख बस में सवार यात्रियों ने तुरंत बस से कूदकर अपनी जान बचाई और डायल-112 के साथ पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात डायवर्ट कराया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे-30 पर यातायात भी बाधित रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।