उमरिया,तपस गुप्ता। चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही उमरिया जिले के पाली स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बिरासिनी शक्तिपीठ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह शुभ मुहूर्त में कलेक्टर ने विधि-विधान से घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। वहीं प्रशासन ने भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर खास इंतजाम किए हैं।
पाली के मां बिरासिनी मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व की शुरुआत पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ हुई। सुबह 6 बजकर 42 मिनट के शुभ मुहूर्त में जिला कलेक्टर धरनेंद्र जैन ने घट स्थापना कर माता की पूजा-अर्चना की।
नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने माता रानी को जल अर्पित किया और ज्वारा कलश बोकर अपनी आस्था प्रकट की। मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। इसी दौरान बिरासिनी सेवा समिति ने मां अन्नपूर्णा की पूजा कर नगर में भव्य जुलूस निकाला और माता को भोग अर्पित किया। साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले विशाल भंडारे की भी शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
समिति के अनुसार नवरात्रि के अंतिम दिनों में ज्वारा विसर्जन के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां भी शामिल रहेंगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।
27 मार्च को निकलने वाले ज्वारा जुलूस को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और इसे लेकर तैयारियां भी जोरों पर हैं।“हर साल की तरह इस बार भी मां बिरासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नौ दिनों तक भंडारे और धार्मिक आयोजन होंगे, जिसमें सभी भक्तों से शामिल होने की अपील की गई है।”


