मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत नई फतेहगढ़ के पास महू-नीमच हाईवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद मासूम की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

