मैहर,पुष्पेन्द्र कुशवाहा। त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दर्शन के लिए नवरात्रि के पहले दिन देर रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। गुरुवार सुबह 3 बजे मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और सुबह 4 बजे विशेष आरती प्रधान पुजारी पवन दाऊ महाराज द्वारा संपन्न कराई गई। इसके साथ ही मैहर में नवरात्रि मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।
पुजारी पवन दाऊ महाराज ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की गई, जबकि आगामी दिनों में ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी।
नवरात्रि मेले में शामिल होने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु बुधवार से ही मैहर पहुंचने लगे थे। गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन पर भी भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्यूआरएफ और एसएएफ की एक-एक कंपनी सहित कुल 560 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 8 डीएसपी, 15 सब इंस्पेक्टर और 10 थाना प्रभारियों के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और 2 ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
जिला मजिस्ट्रेट रानी बाटड ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी है। साथ ही मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में 14 कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन मिल सकें।

