छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। नकुलनाथ की मौजूदगी में छिंदवाड़ा के राजीव भवन में शहर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और संगठन में एकजुटता का संदेश दिया।


बैठक को संबोधित करते हुए नकुलनाथ ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं और पार्षदों की सक्रियता बेहद जरूरी है, क्योंकि शहर में निगम से जुड़ी कई समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनका प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याएं उठानी होंगी।


उन्होंने भाजपा सरकार पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। कानून पारित होने के बावजूद इसके क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी की जा रही है।


वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी कार्यकर्ता पर संकट आता है, तो पूरा कांग्रेस परिवार उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही विपक्ष को जवाब देने की सबसे बड़ी ताकत है।


बैठक में शहर कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षदगण, उप ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह बैठक संगठन को आगामी समय में और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।