भोपाल ,जीतेंद्र यादव। राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस और बस में सवार लोगों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई और मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना के दौरान ट्रैफिक पुलिस कर्मी की वर्दी तक फट गई।
जानकारी के अनुसार कोलार डी-मार्ट चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने एक बस को उसकी नंबर प्लेट में गड़बड़ी होने के कारण रोक लिया था। बस में रेलवे विभाग के कर्मचारी सवार थे, जो किसी आयोजन से वापस लौट रहे थे।
बस को रोकने के बाद नंबर प्लेट को सही करने की बात को लेकर ट्रैफिक जवान और बस में सवार कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मी के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान ट्रैफिक जवान की वर्दी भी फट गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान बस में मौजूद कुछ महिलाएं भी पुलिसकर्मियों से उलझती नजर आईं। वहीं बस में सवार यूनिवर्सिटी स्टाफ ने ट्रैफिक पुलिस पर बदतमीजी और पहले मारपीट करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
