नई दिल्ली/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के प्रदेश प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों के नामों की घोषणा कर दी है। जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार ये सभी नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का दायित्व
संगठनात्मक नियुक्तियों में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व प्रमुखता से देखने को मिला है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी संगठन में कुशल रणनीतिकार माने जाने वाले चुग को गुजरात की कमान मिलना उनके बढ़ते संगठनात्मक कद को दर्शाता है।
उत्तर प्रदेश और पंजाब में भी नए प्रभारी तैनात
पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अन्य प्रमुख राज्यों में निम्नलिखित दायित्व सौंपे गए हैं:
- उत्तर प्रदेश: राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं, राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
- पंजाब: राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब राज्य का नया प्रभारी बनाया गया है।
मौजूदा व्यवस्था रहेगी जारी: पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शेष राज्यों के प्रभारियों की घोषणा भी यथासमय की जाएगी। तब तक उन राज्यों में वर्तमान प्रभारी व्यवस्था ही प्रभावी रहेगी।




