कटक। ओडिशा के कटक स्थित श्रीराम चंद्र भांजा (SCB) मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें 10 मरीजों की मौत हो गई। आग रविवार रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच ट्रॉमा केयर यूनिट के आईसीयू में लगी, जहां करीब 23 गंभीर मरीज भर्ती थे। इनमें से 7 मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 की मौत बचाव के दौरान अन्य वार्ड में शिफ्ट करते समय इलाज के दौरान हुई।


आग की चपेट में आने से बचाव कार्य में लगे अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी झुलस गए। कई कर्मचारी गंभीर हालत में हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आईसीयू में ज्यादातर मरीज वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे, जिससे उन्हें जल्दी बाहर निकालना मुश्किल हो गया।


ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने सुबह ही अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए हाई लेवल जांच (ज्यूडिशियल जांच) के आदेश दिए हैं।


SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल ओडिशा का सबसे बड़ा सरकारी चिकित्सा संस्थान है, जहां पूरे राज्य से गंभीर मरीज इलाज के लिए आते हैं। इस घटना ने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।