देवास हेमंत गुर्जर। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के पोलाखाल जंगल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित दो पटाखा फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। टीन शेड के नीचे चल रही इन फैक्ट्रियों से भारी मात्रा में सुतली बम, बारूद और पटाखे बनाने की सामग्री बरामद की गई है।


मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखे बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देशन में एडिशनल एसपी एच. एन. बाथम और उदयनगर थाना प्रभारी सी. एल. रायकवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हजारों की संख्या में सुतली बम, बारूद से भरे पैकेट, कागज, धागे सहित पटाखा बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री और उपकरण जब्त किए। पुलिस को मौके पर कई मजदूर भी मिले, जिनसे पूछताछ की जा रही है।


फिलहाल पुलिस जब्त सामग्री की गिनती कर रही है और अवैध फैक्ट्री संचालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।