टीकमगढ़,मोहम्मद मोहसिन। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर घरेलू रसोई गैस पर साफ दिखाई देने लगा है। जिले में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही है, मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आने के बावजूद सिलेंडर घर तक नहीं पहुंच रहा और कई जगह उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के सामने लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।


उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे घरों में रसोई का काम प्रभावित हो रहा है। लोग खाली सिलेंडर लेकर सुबह से एजेंसियों पर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उपलब्धता कम होने से परेशानी बढ़ गई है। कुछ जगहों पर स्टॉक की कमी बताई जा रही है, जबकि कई उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग करने में भी दिक्कत आ रही है।


प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि जिले में गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग में समस्या आ रही है, लेकिन घबराने की कोई जरूरत नहीं है। कलेक्टर ने भी अफवाहों से बचने और स्टॉक की पर्याप्तता की बात कही है।


विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे देशभर में एलपीजी की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। हालांकि केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर डिलीवरी और बुकिंग सिस्टम में आई खामी से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।