जबलपुर। सदर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में नकली सोना गिरवी रखकर करीब 43 लाख रुपए का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है। बैंक के अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर पर ही अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। मामले में बैंक मैनेजर की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने दो गोल्ड वैल्यूअर्स समेत 15 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है।


पुलिस के अनुसार, न्यू रामनगर स्थित अभिनव ज्वेलर्स के संचालक राजीव सोनी को बैंक ने अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर नियुक्त किया था। आरोप है कि दिसंबर 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच राजीव सोनी ने 13 ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए नकली सोने को अपनी जांच रिपोर्ट में असली प्रमाणित कर दिया। इसके आधार पर बैंक ने लाखों रुपए के गोल्ड लोन मंजूर कर दिए।


फर्जीवाड़े का एक और मामला तब सामने आया, जब राजीव सोनी की पत्नी पूजा सोनी भी बैंक में नकली जेवर गिरवी रखकर लोन लेने पहुंची। इस जेवर की जांच कांचघर स्थित सिद्धेश्वरी ज्वेलर्स के संचालक आशुतोष सराफ ने की और आरोप है कि उन्होंने भी नकली सोने को असली प्रमाणित कर दिया।


मामले का खुलासा तब हुआ, जब लोन की किस्तें जमा नहीं हुईं। बैंक की ओर से ग्राहकों को नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बाद भी कोई बैंक नहीं पहुंचा। संदेह होने पर बैंक ने लॉकर में रखे सोने की दोबारा जांच कराई, जिसमें गिरवी रखा सोना नकली पाया गया। इसके बाद बैंक मैनेजर ने फरवरी 2026 में कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई।


कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले के मुताबिक, प्राथमिक जांच के बाद मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर की मिलीभगत से सुनियोजित तरीके से बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।