छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में शराब दुकान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए जांच तेज कर दी है। घटना के CCTV फुटेज और तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कन्हैया, दिलीप और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

आपको बता दें कि बीती रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने दुकान पर पत्थरों और लाठियों से हमला करते हुए जमकर तोड़फोड़ की थी। इस दौरान दुकान के बाहर खड़े चार पहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है और तनाव की स्थिति बनी हुई है।


मामले में कन्हैया, दिलीप, मनीष, शिवा, दीपेश और बुड़ु यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ दुकान में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। घटना का CCTV फुटेज और हमलावरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पहले से चल रहे विवाद के चलते यह घटना सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।