सतना,अंबिका केशरी। कोलगवां थाना अंतर्गत रीवा रोड पर संचालित कार डेकोरेशन दुकान की शटर का सेंट्रल लॉक तोडक़र बदमाशों ने नकदी समेत लैपटॉप पार कर दिया है। घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है। वारदात का एक सीसीटीवी भी सामने आया है जिसमें एक नकाबपोश युवक दुकान की शटर के नीचे से दाखिल होते दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं दुकान के अंदर बेखौफ हो कर काउंटर की दराज और अन्य सामान की छानबीन करता नजर आ रहा है। इसके बाद एक बैग में लैपटॉप और अन्य सामान ले कर दुकान के बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बताया कि अभिलाष कुमार पुत्र कृष्णकुमार शुक्ला 32 वर्ष, निवासी मारूति नगर- सिटी कोतवाली, बीते काफी समय से सीएमए मार्केट की दुकान नंबर 13 में सतना कार डेकोर का संचालन कर रहे हैं। सोमवार की रात को तकरीबन 9 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए, तब देर रात अज्ञात बदमाश ने शटर और सेंट्रल लॉक तोडक़र काउंटर से 10 हजार नकदी समेत लैपटॉप चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह दुकान आने पर जब व्यापारी को चोरी की बात पता चली तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी खंगाले तो उसमें एक नकाबपोश दिखा। घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, जिस पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाश की पहचान करने का प्रयास कर रही है।