पन्ना, जीतेन्द्र रजक। जिले के गुनौर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कलेक्टर के स्पष्ट आदेश के बावजूद बोरिंग मशीन संचालक खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए प्रशासन ने बोरिंग पर प्रतिबंध लगाया था, ताकि जल संकट पर नियंत्रण पाया जा सके, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत नजर आ रही है।


क्षेत्र के शहर और ग्रामीण इलाकों में बिना अनुमति के नए बोर किए जा रहे हैं और बोरिंग मशीनें लगातार संचालित हो रही हैं। जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी इस पूरे मामले में लापरवाह नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासनिक सख्ती बेअसर साबित हो रही है। कलेक्टर के आदेश के बावजूद न तो कोई ठोस कार्रवाई हो रही है और न ही नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार गिरते जल स्तर और भीषण गर्मी के बीच इस तरह की लापरवाही आने वाले समय में गंभीर जल संकट को जन्म दे सकती है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।


अब बड़ा सवाल यह उठता है कि बोरिंग मशीन संचालकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाएगा या फिर आदेशों की इसी तरह अनदेखी होती रहेगी।