छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नियम और सख्त कर दिए गए हैं। अब उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरी बुकिंग के लिए 25 दिन का इंतजार करना होगा, जो पहले 21 दिन था। शासन के इस फैसले और बढ़ती कीमतों के बीच आम जनता और होटल संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
दरअसल छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर दो टूक कहा है कि यदि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड बुक नहीं है, तो सिलेंडर का वितरण न किया जाए। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बुकिंग सिस्टम और कस्टमर केयर नंबरों में आ रही तकनीकी खराबी को भी तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसियों पर पहुंचे उपभोक्ताओं का कहना है कि 25 दिन की बाध्यता और ओटीपी न आने के कारण घर का चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। कस्टमर केयर पर कॉल नहीं लग रहे हैं और सिस्टम धीमा होने से घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा मार्च 2026 में घरेलू सिलेंडर की कीमत 937 रुपये तक पहुंच गई है, जो पिछले महीने से 60 रुपये अधिक है। व्यावसायिक सिलेंडरों के दाम बढ़ने से रेस्टोरेंट और होटलों में भी सन्नाटा है। कई होटल संचालक मजबूरी में कोयले की भट्टी का सहारा ले रहे हैं।
छतरपुर की स्वरूप गैस एजेंसी के संचालक मनोज जैन ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुकिंग नंबर नहीं बदले गए हैं, केवल सिस्टम धीमा होने से कुछ देरी हो रही है। जिन उपभोक्ताओं को ओटीपी प्राप्त हो रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर दिए जा रहे हैं।

