खंडवा। बोरगांव बुजुर्ग चौकी क्षेत्र के ग्राम कुमठी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात कच्ची शराब के खिलाफ दबिश देने पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहुंचे थे, जिसके चलते ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके और चोर समझ लिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हो गई। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर मौजूद एएसआई और कांस्टेबल वर्दी में नहीं थे और उनके साथ शराब ठेकेदार से जुड़े कुछ लोग भी थे। आधी रात को संदिग्ध हालत में पहुंचे लोगों से ग्रामीणों ने पूछताछ की और पहचान बताने को कहा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। ग्रामीण पक्ष ने पुलिसकर्मियों पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है, जिसमें उसके सिर में चोट लगने की बात कही गई है।
इसके बाद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है। आदिवासी समाज के लोगों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके समाज के लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया, जबकि उनकी शिकायत में अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया।
पुलिस ने भागीरथ पिता जगत, गणेश पिता कालू, गणेश पिता जगन, जगन पिता चवरसिंह और छोटू पिता श्रीराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। आदिवासी समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।




