जबलपुर। वाहन चालकों के लिए 1 अप्रैल से हाईवे पर सफर महंगा होने जा रहा है। National Highways Authority of India ने टोल टैक्स में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है, जो हर साल की तरह इस बार भी लागू होगी। इसका सीधा असर जबलपुर से नागपुर, रायपुर, प्रयागराज और भोपाल जैसे प्रमुख रूट्स पर यात्रा करने वालों पर पड़ेगा। अब हर टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा।


जानकारी के अनुसार, जबलपुर के आसपास टोल प्लाजा पर कार चालकों को 5 से 10 रुपए तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है। वहीं FASTag के जरिए मिलने वाले सालाना पास की कीमत भी बढ़ाई गई है। अभी यह पास 3000 रुपए में मिलता है, लेकिन 1 अप्रैल से इसकी कीमत बढ़कर 3075 रुपए हो जाएगी। यह पास 200 टोल क्रॉसिंग की लिमिट के साथ आता है और देशभर में 52 लाख से ज्यादा लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। टोल दरें तय करने के पीछे Wholesale Price Index यानी थोक मूल्य सूचकांक अहम भूमिका निभाता है। हर साल इसके आधार पर सड़क परिवहन मंत्रालय नई दरें तय करता है। इसके अलावा सड़क की लंबाई, फ्लाईओवर, अंडरपास और अन्य सुविधाओं के आधार पर भी टोल की कीमत तय होती है। जहां बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होता है, वहां टोल ज्यादा लिया जाता है।


हालांकि टोल बढ़ोतरी को लेकर वाहन चालकों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि अगर टोल बढ़ाया जा रहा है, तो सड़कों का मेंटेनेंस भी बेहतर होना चाहिए। कई रूट्स पर सड़क की हालत खराब बताई जा रही है, जबकि कुछ जगहों पर निर्माण कार्य अधूरा है, इसके बावजूद पूरा टोल वसूला जा रहा है।यदि आप इस बढ़ोतरी से बचना चाहते हैं, तो 31 मार्च तक पुराने रेट पर सालाना पास रिचार्ज या खरीद सकते हैं। 1 अप्रैल से नई दरें लागू होते ही सभी टोल प्लाजा पर अपडेटेड शुल्क लागू कर दिया जाएगा।