दमोह/हटा, सुदीप नगरिया। बुंदेलखंड के हटा थाना क्षेत्र में एक मैरिज गार्डन की चहारदीवारी के भीतर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। खुशियों और उत्सव के लिए पहचाने जाने वाले एक मैरिज गार्डन में काम करने गई महिला के साथ वहीं के एक साथी ने दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाकर न्याय का भरोसा जगाया है।


घटना उस वक्त की है जब पीड़िता गार्डन में खाना बनाने के काम के लिए पहुँची थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी किस्सू उर्फ किशोरी पटेल, जो गंगा झिरिया का निवासी है, भी वहां मौजूद था। काम के दौरान जब गार्डन में सन्नाटा था और महिला अकेली थी, तब आरोपी ने मौका पाकर उसके साथ जबरदस्ती की। चीख-पुकार और विरोध के बावजूद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया, जिससे पीड़िता गहरे सदमे में आ गई।


वारदात के तुरंत बाद हिम्मत जुटाकर पीड़िता हटा थाने पहुँची और अपने साथ हुई आपबीती पुलिस को सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हटा थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी ने टीम गठित कर आरोपी की घेराबंदी शुरू की। पुलिस की इस सक्रियता का नतीजा यह रहा कि आरोपी को भागने का मौका भी नहीं मिला और घटना के 8 घंटे बीतने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।


पुलिस ने आरोपी किशोरी पटेल के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 204/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी पर धारा 64(2), 127 और 351 जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।


इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। हटा पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। यह घटना एक बार फिर कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है, लेकिन पुलिस की त्वरित गिरफ्तारी ने अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने का काम किया है।