छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी । कुंडीपुरा थाना अंतर्गत धरमटेकड़ी चौकी क्षेत्र में 27 फरवरी की रात छिंदवाड़ा–नरसिंहपुर हाईवे पर ग्राम जमुनिया के पास मोबाइल कंपनी के सेल्समेन के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई रकम और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साईं धाम कॉलोनी, सोनपुर रोड निवासी 37 वर्षीय कमलेश सूर्यवंशी मोबाइल विक्रय और रिकवरी का कार्य करते हैं। 27 फरवरी की रात करीब 9:35 बजे वह हर्रई और अमरवाड़ा क्षेत्र से मोबाइल बिक्री की वसूली की राशि 2,53,400 रुपये लेकर अपने एक्टिवा वाहन से लौट रहे थे। जब वह ग्राम जमुनिया के पास दिल्ली दरबार ढाबा के समीप पहुंचे, तभी मुख्य मार्ग से आई एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार लोग पहुंचे और स्कूटी की डिक्की में रखी नकदी समेत स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद कुंडीपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और छिंदवाड़ा–नरसिंहपुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, साथ ही तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश की।जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के अमरवाड़ा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रघु उर्फ यशवंत, विजय अहरवार, रामकुमार उर्फ मोनू वर्मा, संदीप भलावी और प्रद्युम्न उर्फ विस्तु वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,01,000 रुपये नकद, एक एक्टिवा दो मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
हाईवे लूट का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख से अधिक नकदी बरामद

PeptechTime
15 मार्च 2026, 05:57 am IST
PeptechTime15 मार्च 2026, 05:57 am IST
