अमरपाटन,नरेंद्र पटेल। सतना जिले के अमरपाटन स्थित शासकीय महाविद्यालय में उस वक्त जमकर हंगामा हो गया जब केमिस्ट्री विभाग की छात्राओं और विभागाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हो गई। मामला सेशनल जमा न होने को लेकर था, जिससे नाराज छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


पूरा मामला शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन का है, जहां केमिस्ट्री विभाग की चौथे वर्ष की करीब एक दर्जन छात्राएं पिछले कई दिनों से अपने सेशनल जमा कराने के लिए विभागाध्यक्ष आलोक सिन्हा के पास पहुंच रही थीं। छात्राओं का आरोप है कि एचओडी द्वारा उनका सेशनल जमा नहीं किया जा रहा था और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था।


छात्राओं ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बना लिया था और इसकी शिकायत एसडीएम अमरपाटन से की थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे नाराज छात्राएं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले एक बार फिर कॉलेज पहुंचीं।बताया जा रहा है कि छात्राएं जब केमिस्ट्री विभाग पहुंचीं तो एचओडी ने विभाग में ताला बंद कर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। जब छात्राएं सेशनल जमा करने की बात करने लगीं तो वह वहां से जाने लगे, जिन्हें छात्राओं ने रोक लिया। इसके बाद मौके पर जमकर बहस और हंगामा शुरू हो गया।


इस दौरान छात्राओं और उनके परिजनों ने भी विरोध जताया और एचओडी आलोक सिन्हा पर मनमानी, बदतमीजी और भेदभाव के आरोप लगाए। छात्राओं का यह भी आरोप है कि कुछ विद्यार्थियों से पैसे लेकर उनके सेशनल जमा कर दिए गए, जबकि अन्य को नजरअंदाज किया जा रहा है। हंगामे की सूचना मिलते ही प्राचार्य शिव कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके समझाने के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आया।


फिलहाल, यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और कॉलेज परिसर में शिक्षा का माहौल विवाद में बदलता दिखाई दे रहा है।