दिल दहला देने वाला सड़क हादसा; दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत

Advertisement
छतरपुर (विनोद मिश्रा)। छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौपरिया धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद एक युवक सड़क पर जा गिरा, जिसे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, अनिल रजक (27 वर्ष) और ऋतिक विश्वकर्मा (22 वर्ष) एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार सुबह दोनों अपने काम के सिलसिले में बाइक से बड़ामलहरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे चौपरिया धाम मंदिर के पास एक मोड़ पर पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक (जिस पर सिजवाहा से लौट रहे राजेंद्र कुशवाहा और 13 वर्षीय प्रीतम सवार थे) से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल रजक उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरा। दुर्भाग्यवश, उसी पल वहां से एक ट्रक गुजर रहा था, जिसका पहिया अनिल के सिर के ऊपर से निकल गया। चश्मदीदों के मुताबिक, मंजर इतना खौफनाक था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी तत्काल मौत हो गई।
108 एम्बुलेंस की ईएमटी पार्वती पांडे ने बताया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की आंख में गहरी चोट आई है। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है। वहां घटना की सूचना मिलते ही गुलगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


