बमीठा,अशोक नामदेव। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
घटना बमीठा थाना क्षेत्र की चन्द्रनगर चौकी अंतर्गत टोरियाटेक धमना रोड की है। जानकारी के अनुसार टोरियाटेक निवासी 70 वर्षीय नन्नीबाई यादव, पति महादेव यादव, को एक 407 ट्रक चालक ने वाहन बैक करते समय कुचल दिया। हादसा शाम करीब 6 बजे का बताया जा रहा है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही चन्द्रनगर चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

