सतना, अंबिका केशरी। सतना के शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय एमएलबी के प्राचार्य विश्वनाथ प्रसाद शुक्ला को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर सतना की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जांच में शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रताड़ित करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान में अनियमितता और राशि मांगने जैसे आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। बताया गया कि सेवानिवृत्त सहायक शिक्षक विजय शंकर पाण्डेय और करुणा मिश्रा के भुगतान को जानबूझकर लंबित रखा गया था।


इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि संस्कृत सोहावल विद्यालय में पदस्थापना के दौरान प्राचार्य ने अतिथि शिक्षक शैलेन्द्र कुमार तिवारी से फोन-पे के जरिए 5 हजार रुपए अपने खाते में लिए थे। बाद में गलत परीक्षा परिणाम की जानकारी देकर संबंधित अतिथि शिक्षक को कार्य से अलग कर दिया गया। जांच दल को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराना और जांच में सहयोग नहीं करना भी गंभीर माना गया। कलेक्टर ने इसे पदीय दायित्वों में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता बताते हुए मप्र सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन का मामला माना है। निलंबन अवधि में विश्वनाथ प्रसाद शुक्ला का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सतना निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।