मुक्तिधाम में बड़ी लापरवाही, अस्थियों की हो गई अदला-बदली

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। पंचकुइया मुक्तिधाम में प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण एक ही टोकन नंबर तीन अलग-अलग परिवारों को जारी कर दिया गया, जिससे अस्थियों की अदला-बदली हो गई। इस गड़बड़ी के चलते एक परिवार की अस्थियां दूसरे परिवार ने गलती से ले लीं और वे नर्मदा तट पर विसर्जन के लिए रवाना हो गए। हालांकि विसर्जन से पहले ही संपर्क होने पर अस्थियां वापस लौटा दी गईं, लेकिन इस घटना ने मुक्तिधाम की पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला गुरुशंकर नगर निवासी मदनलाल विश्वकर्मा से जुड़ा है। उनका 6 मार्च को अंतिम संस्कार पंचकुइया मुक्तिधाम में किया गया था। शनिवार को उनके परिजन अस्थियां लेने पहुंचे तो वहां उनकी अस्थियां नहीं मिलीं। जांच में पता चला कि टोकन नंबर 13 तीन परिवारों को दे दिया गया था। इसी कारण भारी गफलत हुई और दूसरे परिवार ने मदनलाल की अस्थियां अपने समझकर ले लीं। वे परिवार खेड़ीघाट स्थित नर्मदा तट पर अस्थि विसर्जन के लिए जा चुका था, लेकिन रजिस्टर की जानकारी से संपर्क होने पर बिना विसर्जन किए इंदौर लौट आया और अस्थियां सौंप दीं।
इस दौरान मदनलाल के बेटे समेत अन्य परिजन घंटों तक मुक्तिधाम में इंतजार करते रहे। मामले के सामने आने पर समाजसेवियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार का सहयोग किया। उन्होंने मुक्तिधाम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नगर निगम के अपरिपक्व कर्मचारियों को इस गड़बड़ी का जिम्मेदार बताया। परिजनों ने अभी तक पुलिस में कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई औपचारिक शिकायत मिलती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
