इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के पलासिया थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवती ने मुस्लिम युवक पर नौकरी दिलाने के बहाने जाल में फंसाकर दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को “लक्की” नाम बताकर पहले दोस्ती की और बाद में असली नाम सोहेल खान होने की जानकारी सामने आई।


पीड़िता ने शिकायत में बताया कि सितंबर 2022 में 56 दुकान इलाके में मुलाकात के बाद आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। 20 दिसंबर 2023 को आरोपी उसके तिलक नगर स्थित घर पहुंचा, जहां कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश आने पर आरोपी ने अश्लील वीडियो दिखाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल करता रहा।


युवती का आरोप है कि मार्च 2024 में सच्चाई सामने आने पर विरोध करने पर उसे धमकाया गया और अजमेर ले जाकर धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर दबाव बनाया गया। इस दौरान उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया गया और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि अक्टूबर 2024 में गर्भवती होने पर शादी की बात करने पर आरोपी ने जबरन गर्भपात करा दिया, जिससे उसकी तबीयत पर गंभीर असर पड़ा।


आगे आरोप है कि जून 2025 में उसे पीथमपुर के पास एक कमरे में रखा गया और कथित तौर पर टोना-टोटका कराया गया। इस दौरान उसे धार्मिक क्रियाएं करने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी दी गई।


परेशान होकर अंततः पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पलासिया पुलिस ने आरोपी सोहेल खान के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल, जबरन गर्भपात और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।