कटनी,सुमित पाण्डेय। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब साढ़े तीन किलो अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।


थाना प्रभारी रुपेश सिंह के अनुसार, बुधवार को एएसआई केवल उइके अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। बाबाघाट रोशननगर कच्ची रोड स्थित सन्यासी बाबा के पास एक संदिग्ध युवक सफेद थैला लिए बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबराकर झाड़ियों में छिप गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।


पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम छंगा उर्फ राम विलास निषाद (35) निवासी प्रेमनगर बताया। तलाशी लेने पर उसके थैले से दो पैकेटों में रखा 3 किलो 504 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।