इंदौर। इंदौर शहर से सटे मानपुर थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस पर चल रहे बड़े जुए के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इंदौर आईजी की स्पेशल टीम ने देर रात दबिश देकर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 13 लाख रुपये नगद, 30 मोबाइल फोन, दो कारें और ताश की गड्डियां जब्त की हैं।


जानकारी के मुताबिक मानपुर थाने से कुछ ही दूरी पर ग्राम रामपुरिया स्थित अवलीपुरा इलाके में बने एक फार्म हाउस पर लंबे समय से लाखों रुपये का जुआ संचालित किया जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर इंदौर आईजी की विशेष टीम ने छापा मारकर पूरे गिरोह को पकड़ लिया।


पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जुए के अड्डे पर इंदौर के अलावा देवास, धार, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन, अलीराजपुर समेत गुजरात से भी बड़े जुआरी खेलने के लिए आते थे।


बताया जा रहा है कि जिस फार्म हाउस पर जुआ खेला जा रहा था, वह एक डिप्टी कलेक्टर का बताया जा रहा है। वहां का केयरटेकर रंजीत जाट जुआ खिलवाने का काम कर रहा था।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही जब्त नगदी, मोबाइल फोन और वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस जुए के अड्डे के पीछे और किन लोगों की भूमिका रही है।