खेत तालाब योजना में फर्जीवाड़ा: रोजगार सहायक पर हेराफेरी का आरोप

Advertisement
टीकमगढ़ (मोहसिन अहमद)। जनपद पंचायत बल्देवगढ़ के ग्राम पठराई में खेत तालाब योजना के तहत एक किसान के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। किसान अर्जुन वंशकार (38) ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक खुमानलाल अहिरवार ने फर्जी मस्टर रोल तैयार कर योजना की स्वीकृत राशि ₹19,676 अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।
शिकायतकर्ता अर्जुन वंशकार के अनुसार, वर्ष 2024 में उन्हें खेत तालाब योजना का लाभ स्वीकृत हुआ था और उन्होंने निर्धारित कार्य भी पूरा किया। लेकिन भुगतान उनके खाते में आने के बजाय अन्य हितग्राहियों के खातों में डाल दिया गया। शिकायत में दिए गए विवरण के मुताबिक:
जॉब कार्ड क्रमांक MP-07G05-04501/490 के आधार पर प्यारेलाल कुशवाहा और सुमित्रा कुशवाहा के खाते में ₹2,990
जॉब कार्ड क्रमांक MP-07005-04501/553 के अनुसार नंदलाल कुशवाहा के खाते में ₹4,374
जॉब कार्ड क्रमांक MP-07-005-04501/595 के अनुसार दीनदयाल कुशवाहा के खाते में ₹12,312
इस प्रकार कुल ₹19,676 की राशि गलत खातों में ट्रांसफर की गई।
पीड़ित किसान ने बताया कि जब उन्होंने रोजगार सहायक खुमानलाल अहिरवार से संपर्क किया तो उन्होंने राशि बाद में आने का बहाना बनाया। बाद में जांच करने पर फर्जी भुगतान का खुलासा हुआ।
अर्जुन वंशकार ने इस संबंध में 14 नवंबर 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बल्देवगढ़ को तथा 18 नवंबर 2025 को कलेक्टर टीकमगढ़ एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टीकमगढ़ को लिखित शिकायत सौंपी। हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया भी नहीं मिली है।
किसान ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा उन्हें उनकी बकाया राशि का भुगतान कराया जाए।
