मुंबई। विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस दुखद खबर की पुष्टि की। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा।


विजयपत सिंघानिया देश की प्रमुख टेक्सटाइल कंपनी Raymond Group के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर और चेयरमैन रहे। उन्होंने 1980 में कंपनी की कमान संभालते हुए इसे एक आधुनिक औद्योगिक समूह के रूप में स्थापित किया। उनके कार्यकाल में कंपनी ने देश-विदेश में विस्तार किया और मेंस वियर ब्रांड के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई।


वे न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि एविएशन और एडवेंचर के क्षेत्र में भी उनकी विशेष रुचि थी। उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए, जिनमें हॉट एयर बैलून से ऊंचाई का विश्व रिकॉर्ड और लंदन से दिल्ली तक माइक्रोलाइट विमान उड़ाने का कारनामा शामिल है। उनके योगदान के लिए उन्हें ‘पद्म भूषण’ और ‘तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था।


हाल के वर्षों में वे अपने बेटे गौतम सिंघानिया के साथ संपत्ति विवाद को लेकर चर्चा में रहे। बावजूद इसके, उद्योग जगत में उनकी पहचान एक दूरदर्शी नेता और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में बनी रही। उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है।