भोपाल। शहर के कोलार थाना क्षेत्र में स्थित डी-मार्ट के सामने रविवार शाम बस रोकने को लेकर ट्रैफिक पुलिस और रेलकर्मियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर ही झूमाझटकी और मारपीट की स्थिति बन गई। इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा दो रेलकर्मियों को थप्पड़ और घूंसे मारने तथा कॉलर पकड़कर खींचते हुए ले जाने का वीडियो भी सामने आया है।


जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 6:30 बजे डी-मार्ट के सामने ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात आरक्षक सरजीत यादव ने एक बस को रोक लिया। बस रुकते ही उसमें सवार कुछ लोग नीचे उतर आए और बस रोकने का कारण पूछने लगे। बस में सवार लोगों ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया। आरक्षक ने उन्हें बताया कि शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है और बस पर लगे बैनर के कारण नंबर प्लेट भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी।


इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़कर झूमाझटकी तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार कुछ रेलकर्मियों ने आरक्षक के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जबकि रेलकर्मियों का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ बदसलूकी की, जिसके कारण विवाद बढ़ गया।


हंगामा बढ़ने पर मौके पर मौजूद ट्रैफिक एसआई और डायल-112 की टीम पहुंची। पुलिस ने दो रेलकर्मियों को पकड़कर अपने साथ थाने ले जाया। इस दौरान सड़क पर करीब 30 से 35 मिनट तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही और कोलार रोड पर आवागमन प्रभावित हुआ।


घटना के वीडियो सामने आने के बाद डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।