छतरपुर, राजू दुबे । जिले के बकस्वाहा स्थित बम्होरी चौक पर दो गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह रही कि विवाद पुलिस चौकी के ठीक सामने हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र में पुलिस का भय कम होता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने पहले एक पक्ष के पांच लोगों—जगेश्वर असाटी, अभिषेक असाटी, कैलाश असाटी, राहुल असाटी और आयुष असाटी—के खिलाफ वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया। हालांकि दूसरे पक्ष पर कार्रवाई नहीं होने से विवाद और बढ़ गया।
इसके बाद बड़ामलहरा विधायक रामसिया भारती अपने समर्थकों के साथ बकस्वाहा थाने पहुंचीं और पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। विधायक के हस्तक्षेप और थाने में चले लंबे हंगामे के बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष के चूरामन असाटी सहित अन्य लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में फरियादी बबलू खंगार हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों पर कार्रवाई कर मामले की जांच की जा रही है।

