छतरपुर,विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले में अवैध रेत खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के खिरी गांव में नहर के अंदर मशीनों के जरिए खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।


बताया जा रहा है कि खिरी गांव की नहर में लिफ्टर मशीन और भारी उपकरणों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। ग्रामीणों ने इस अवैध गतिविधि का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से यह अवैध खनन जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


मामले को गंभीरता से लेते हुए माइनिंग अधिकारी अमित मिश्रा ने कहा है कि जल्द ही जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इसी तरह पूंछी गांव में भी लीज अवधि समाप्त होने के बाद मिट्टी का अवैध उत्खनन जारी है। यहां नियमों को नजरअंदाज करते हुए लगातार खनन किया जा रहा है, जिससे प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।


अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस वायरल वीडियो के बाद कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।