भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में बदमाशों द्वारा बाप-बेटी पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कुछ बदमाशों के बीच आपसी विवाद चल रहा था, इसी दौरान फरियादी अपनी बेटी के साथ घर जा रहे थे।


बताया जा रहा है कि संकरी गली में बाइक मोड़ते समय बदमाशों ने अचानक पिता और उनकी 6 वर्षीय बेटी मिरल अहमद पर हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल बच्ची के पिता डाक विभाग में कर्मचारी हैं।


घटना के दौरान हमलावर लाठी-डंडे और तलवार जैसे हथियारों से लैस थे, जो पास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुए हैं। हमला करने के बाद बदमाशों ने 2 से 3 वाहनों में तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए।


वहीं, पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची को धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि नहीं हुई है, बल्कि गिरने से चोट लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।