ईशानगर,शिवकान्त। छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में बिजली के तार को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। डंडों से मारपीट में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार फरियादी देशराज रजक (48 वर्ष) निवासी पहाड़गांव ने थाना ईशानगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 मार्च की रात करीब 10 बजे उनके घर की लाइट चली गई थी। जब वह बाहर निकलकर खंभे से तार हिला रहे थे, तभी पड़ोसी रामनाथ रजक के घर की भी बिजली गुल हो गई। इसी बात को लेकर रामनाथ रजक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और रामनाथ रजक के साथ विजय रजक और नारायणदास रजक डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर देशराज रजक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर उनके परिवार के सदस्य—रकमण रजक और बेटा सूरज रजक—भी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं।
पीड़ित परिवार घटना के दौरान गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित परिवार थाना ईशानगर पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

