छतरपुर,सुबोध त्रिपाठी। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती का खुलासा किया है। थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पहरा में दबिश देकर गेहूं की फसल के बीच छिपाकर उगाए जा रहे गांजे के पौधे बरामद किए।


पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने खेत की तलाशी ली, जहां करीब एक बीघा जमीन में गांजे की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 483 गांजे के पौधे जब्त किए, जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।


इस मामले में पुलिस ने आरोपी बेटू कुशवाहा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरदेव सिंह, प्रधान आरक्षक सुरविन्द सिंह, रामकृपाल शर्मा, सूर्यप्रकाश बाजपेयी तथा आरक्षक उदय सिंह, शैलेन्द्र सिंह, रामनिवास साहू और सोनू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।