भोपाल,जीतेन्द्र यादव। हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “कर्मश्री” अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नियमित फ्लाइट से भोपाल पहुंचे। राजधानी पहुंचते ही एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। हुजूर विधायक एवं कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए डॉ. कुमार विश्वास एवं विधायक रामेश्वर शर्मा का जोरदार स्वागत किया। आयोजन को लेकर शहर में विशेष उत्साह का माहौल बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि आज रात्रि 8 बजे अटल पथ, तात्या टोपे स्टेडियम मार्ग, टीटी नगर में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डॉ. कुमार विश्वास के साथ हास्य कवि दिनेश बावरा, सुदीप भोला, अजय अंजाम, कुशल कुशलेन्द्र एवं कवियत्री सान्या राय सहित कई ख्यातनाम कवि शामिल होंगे। आयोजन में 50 हजार से अधिक श्रोताओं के शामिल होने की संभावना है। कवि सम्मेलन में बैठक व्यवस्था “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर रखी गई है। आयोजन के लिए किसी प्रकार के पास जारी नहीं किए गए हैं। आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने आमजन से समय से पहले पहुंचकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।

