छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। पर्यटक ग्राम देवगढ़ में राजा जाटव शाह की 446वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जनजाति कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आदिवासी कला, संस्कृति और क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि देवगढ़ जैसे क्षेत्रों में पर्यटन और संस्कृति का संगम प्रदेश की पहचान को मजबूत कर रहा है।


कार्यक्रम के बाद मंत्री विजय शाह ने देवगढ़ में संचालित होम स्टे का दौरा किया और वहां ठहरकर स्थानीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने होम स्टे चला रहे आदिवासी परिवारों से बातचीत की और कहा कि यह पहल आदिवासी समाज को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि होम स्टे योजना गांवों में पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ा रही है।मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आदिवासी क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने देवगढ़ के ऐतिहासिक किले के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास निर्माण और ग्राम पंचायत देवगढ़ को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मंत्री विजय शाह ने देवगढ़ रियासत के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां के प्रसिद्ध सफेद हाथी को प्राप्त करने के लिए मुगलों ने रानी दुर्गावती पर आक्रमण किया था। उन्होंने कहा कि देवगढ़ में आदिवासी संस्कृति, अतिथि सत्कार और प्राकृतिक पर्यटन का अद्भुत संगम देखने को मिलता है और होम स्टे जैसी पहल आदिवासी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।